लखनऊ मंडल के जेडी स्वास्थ्य सीएचसी पर पहुंच और हालात का जायजा लिया।
- फोटो : अमर उजाला
सीएचसी मेंहदावल की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल होने का मामला लंबे समय से उठ रहा था। क्षेत्रीय लोगों के लगातार शिकायत पर शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को लखनऊ मंडल के जेडी स्वास्थ्य सीएचसी पर पहुंच और हालात का जायजा लिया। इस दौरान जेडी ने अस्पताल परिसर में गंदगी देखकर नाराजगी जताई। इसके साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली पर चिकित्सकों से जवाब तलब किया। उन्होंने जांच रिपोर्ट शासन को देने की बात कही है।
मेंहदावल नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। क्षेत्रीय लोग आए दिन इस स्वास्थ्य केंद्र पर बदहाल व्यवस्था को लेकर शिकायतें करते रहते है।
शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को लखनऊ मंडल के संयुक्त स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर एसके चौहान अचानक सीएचसी पहुंचे और निरीक्षण किया। उनके पहुंचते ही हॉस्पिटल के कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
मौके पर गंदगी व वार्डों में सफाई न देख जहां उन्होंने लोगों को फटकार लगाई वहीं स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक व अन्य डाक्टरों को बुलाकर हास्पिटल में व्याप्त अनियमितता, साफ-सफाई का अभाव समेत अन्य समस्याओं के बाबत सवाल जवाब किया। जल्द से जल्द चिकित्सालय पर शासन की मंशा अनुरूप स्वास्थ्य सेवा मरीजों को उपलब्ध कराते हुए साफ - सफाई कराने की सख्त हिदायत दी।