-विधायक ने किया नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा के स्थाई कार्यालय का बुधवार को विधायक अनिल त्रिपाठी ने एसडीएम व ईओ की मौजूदगी में उद्घाटन किया। हालांकि कार्यालय के उद्घाटन में चेयरमैन वसीसीउद्दीन व नौ सभासद नहीं आए।
नगर पंचायत धर्मसिंहवा के अस्थाई कार्यालय को लेकर कई दिनों से गतिरोध जारी था। चेयरमैन वसीसीउद्दीन ने अपने निवास के वार्ड बरगदवा में पंचायत भवन की रंगाई-पुताई कराकर कार्यालय का नाम दर्ज कराया था। इसी बीच सभासद संघ के अध्यक्ष शशि कपूर राय नौ सभासदों को लेकर डीएम से मिले और पंचायत भवन बढ़या को उचित स्थान बताते हुए कार्यालय खोलने की मांग की।
अधिशासी अधिकारी की रिपोर्ट पर एसडीएम मेंहदावल ने बढ़या में कार्यालय खोलने की मंजूरी दे दी। बुधवार को विधायक अनिल त्रिपाठी ने एसडीएम व अधिशासी अधिकारी व छह सभासदों की मौजूदगी में बढ़या में नगर पंचायत कार्यालय का उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि कार्यालय खुल जाने से अभिलेखों के लिए भटक रही नगर क्षेत्र की जनता की समस्या दूर हो जाएगी।
बढ़या में कार्यालय खोलने की उन्हें सूचना नहीं दी गई। नौ सभासदों के साथ बरगदवा में बनाए हुए नगर पंचायत कार्यालय में रोज बैठक कर रहे हैं। आधे से अधिक सभासद उनके साथ हैं। फिर भी लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है।
-वसीउद्दीन, चेयरमैन
नगर पंचायत कार्यालय अधिशासी अधिकारी का होता है। इसमें राजनीति का कोई विषय नहीं बनता। आम जनता की सुलभता को देखते हुए बढ़या में कार्यालय बनाना आवश्यक था। बुधवार को विधि-विधान के साथ कार्यालय का उद्घाटन विधायक ने किया है।
-आशुतोष ओझा, अधिशासी अधिकारी, धर्मसिंहवा