संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर एक व्यक्ति से विवाद कर एक बदमाश ने सोने की चेन झपट ली। चेन की कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है। कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश में शुरू कर दी। पुलिस ने उसे सीसीटीवी की मदद से पहचान कर गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस सभागार में घटना का खुलासा करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने झपटमारी मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में छीनी गई एक पीली धातु की चेन भी बरामद की है।
उसे औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान घाट के पास से गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले का अनावरण किया।
पुलिस के अनुसार केसार निवासी विष्णु सिंह ने एक जून को कोतवाली खलीलाबाद में तहरीर देकर बताया कि 30 मई को करीब 11:00 बजे वह मेंहदावल बाईपास पर छोला-भटूरा खा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे हाथापाई करते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।
पीड़ित ने चेन की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई। तहरीर के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में प्राथमिकी दर्ज की। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस ने मामले में धारा की बढ़ोतरी भी की है।
जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी कन्हैया निवासी मोतीनगर एनडी पांडेय गली, थाना कोतवाली खलीलाबाद तथा वर्तमान पता अग्रवाल नेत्रालय के पीछे छोटी सरौली को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कार्रवाई पूरी करके न्यायालय प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
-
आरोपी पर पूर्व में दर्ज है आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 30 मई को मेंहदावल बाईपास पर भोजन कर रहे व्यक्ति के गले से चेन झपटने की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आबकारी अधिनियम के तहत एक प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।