संतकबीरनगर। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में विकास भवन में युवा उत्सव का आयोजन किया गया। सीडीओ ने कहानी लेखन, लोक नृत्य, लोक गायन आदि में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने का उचित एवं प्रभावी मंच युवा कल्याण विभाग प्रदान कर रहा है। उन्होंने कलाकारों के प्रदर्शन की तारीफ की तथा उन्हें भविष्य में अपनी कला एवं प्रदर्शन में निखार लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवा उत्सव कार्यक्रम अंतर्गत साइंस मेले में युवाओं द्वारा इनोवेटिव प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
युवा उत्सव में डीसीएनआरएलएम प्रवीण शुक्ल व उपायुक्त स्वत:रोजगार प्रभात द्विवेदी ने सभी कलाकारों और प्रतिभागियों को विकसित भारत में अपना मत देने के लिए उत्साहित किया। युवा उत्सव के साइंस मेले में प्रियांशु, अजय, आइरिस और अंबिका की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में निखिल यादव और पेंटिंग में नासरीन खान, कहानी लेखन में सादिका, नाजिश अंसारी और भाषण प्रतियोगिता में शबनम खातून ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकगीत में माया, संजू दुबे, आशुतोष, रानी प्रजापति, बिंदु मौर्य और वागीशा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकनृत्य में रिया प्रजापति, सोनम भारती, करिश्मा यादव, प्रियांशी, शालिनी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
युवा उत्सव कार्यक्रम के आयोजक जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी रामप्रताप सिंह ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार एवं मंडल, राज्य तथा राष्ट्रीय युवा उत्सव तक पहुंचने के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रितेश वर्मा ,आराधना द्विवेदी, मुकेश गुप्ता, राघवेंद्र पाल, गोरख प्रसाद, संतबली, रमाकांत, विकास चंद, गुलशन आदि उपस्थित रहे।