बीएसए जगदीश शुक्ल के साथ शनिवार को हुए दुर्व्यवहार के मामला रविवार को छुट्टी के दिन भी गर्म रहा। एडी बेसिक के पहुंचने पर बीएसए कार्यालय का ताला खोला गया और कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे से हंगामे की फुटेज देखी गई। वहीं गोरखपुर से आए तकनीकी विशेषज्ञों ने इस फुटेज की सीडी भी बनाई। यह सीडी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत की जाएगी।
गोरखपुर/ बस्ती मंडल के एडी बेसिक सत्य प्रकाश त्रिपाठी और बीएसए गोरखपुर ओम प्रकाश यादव रविवार को बीएसए कार्यालय पहुंचे। दोनों अफसरों और बीएसए दफ्तर के कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्यालय का ताला खोला गया। इस दौरान एडी बेसिक ने बीएसए से पूरे मामले की जानकारी ली। एडी बेसिक ने दुर्व्यवहार की घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि पूरे मामले में जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद गोरखपुर से आए विशेषज्ञों ने 20 अगस्त को हुए घटना की फुटेज निकाली। करीब 20 मिनट के फुटेज में एक शिक्षक को कुर्सी उठाते हुए दिखाया गया है और कुछ शिक्षक उसे रोक रहे हैं। 20 मिनट के फुटेज को सीडी बनाकर एक्सपर्ट ने बीएसए का दे दी। बीएसए जगदीश शुक्ल ने कहा कि दोषी शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जिलाध्यक्ष समेत 15 पर केस दर्ज ः संतकबीरनगर। बीएसए के साथ दुर्व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष मारकंडेय राय, शिक्षक केसरीलाल समेत 15 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया गया है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि बीएसए का आरोप है कि शनिवार शाम को शिक्षक भर्ती की मेरिट बनाई जा रही थी। इसी दौरान केसरी लाल और मारकंडेय राय 10-15 लोगों के साथ आए। ये लोग रउरापार प्राथमिक विद्यालय की चेकिंग में अनुपस्थित प्रधानाध्यापक मारकंडेय राय के निलंबन की कार्रवाई से नाराज थे। इन लोगों ने बीएसए को कमरे में बंद करके सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में मारकंडेय राय, केसरी लाल समेत 10-15 लोगों के खिलाफ गोलबंद होकर बीएसए को कमरे में बंद करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली गलौज देने और जानमाल की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया गया है।