केस डायरी निस्तारण में जोन में प्रथम और प्रदेश में आठवां स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिले की पुलिस ने जून में चरित्र प्रमाण पत्र के निस्तारण के आवेदन में पहल स्थान हासिल किया है। केस डायरी के निस्तारण में जोन में प्रथम और प्रदेश में आठवां स्थान मिला है। एसपी ने इन कार्यों के लिए पुलिसकर्मियों को बधाई दी है।
बृहस्पतिवार को एसपी ब्रजेश सिंह ने कार्यालय में सीसीटीएनएस योजना के सफल क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण को लेकर बैठक की। उन्होंने बताया कि पूर्व में निर्देशित समस्त थानों पर नियुक्त विवेचक द्वारा शत प्रतिशत केस डायरी सीसीटीएनएस पोर्टल पर अंकित किए जाने पर और विवेचना डिजिटलाइजेशन के तहत 87.40 प्रतिशत के साथ गोरखपुर जोन में जिले को प्रथम और प्रदेश में आठवां स्थान हासिल हुआ है।
एसपी ने बताया कि यूपीकॉप एप पर प्राप्त चरित्र प्रमाण पत्र आवेदन के निस्तारण में जिले की पुलिस को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। निकट भविष्य में केस डायरी शत प्रतिशत अंकित किया जाए। यूपीकाप ऐप के व्यापक प्रचार प्रसार एवं आम-जनमानस को यूपीकॉप ऐप पर उपलब्ध 27 सेवाओं के लाभ से अवगत कराया जाए। उन्होंने समस्त पुलिस कर्मियों केे बधाई देते हुए कहा कि वे आगे और भी बेहतर कार्य करें। एएसपी असित श्रीवास्तव, सीओ सदर रमेश कुमार, सीओ गयादत्त मिश्र, सर्वेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।