संतकबीरनगर। बरसात का मौसम आने से गर्मी से राहत मिली है। मगर तमाम प्रकार की बीमारियां पांव पसारने लगीं हैं। अब कैटरपिलर कीड़ा लोगों में एलर्जी फैला रहा है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 10 से 12 मरीज पहुंच रहे है। जिसका चिकित्सक से इलाज करा रहे है।
जानकारों की मानें तो बरसात के चले कैटरपिलर कीड़े पनप रहे है। जो किसानों आम लोगों को एलर्जी से ग्रसित कर रहे हैं। खेतों में काम करने के दौरान लोगाें के शरीर के संपर्क में ये कीड़े आ जाते है। कुछ कीड़े त्वचा पर अपना स्प्रे छोड़कर, कुछ त्वचा के संपर्क में आने और कुछ कीड़े अपना केमिकल त्वचा पर डंक मारकर छोड़ते हैं। इससे व्यक्ति को तीन तरह की एलर्जी की शिकायत हो रही है।
चिकित्सकों की मानें तो इसके लक्षण 12 घंटे बाद आने शुरू होते है। कैटरपिलर कीड़े कई प्रकार की प्रजाति के हैं। एलर्जिक बीटल डर्मेटाइटिस कीड़े त्वचा पर चलने से और बिना काटे केमिकल छोड़ने से एलर्जी की समस्या उत्पन्न करते हैं। इससे शरीर पर चकत्ते पड़ जाते हैं। इसके साथ ही सूजन आ जाती है। इतना ही नहीं, इसे रगड़ने से उस जगह पर लाली भी आ जाती है।
जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एसबी गौतम ने बताया कि बरसात के बाद कैटरपिलर कीड़े सक्रिय हो जाते है। इस समय इन कीड़ों के काटने से हर सप्ताह मरीज अस्पताल पहुंच रहे है। ग्रामीण क्षेत्रों में इन कीड़ों का ज्यादा प्रकोप है। इस तरह के कीड़े अगर काटे तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क कर इलाज कराएं।
एलर्जी के लक्षण
- व्यक्ति की त्वचा पर फफोले पड़ जाते है।
- लाल चकत्ते होना
- त्वचा में तेज दर्द होना
- सूजन आना
ऐसे करें बचाव
- पूरी आस्तीन के कपड़ें पहने।
- कीड़े काटने पर त्वचा को तुरंत ताजे पानी से धोएं।
- नीचे जमीन पर न सोएं।
- एंटी बायोटिक या स्टेरायड दवा लगाएं।
- तुरंत ही त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास जाकर दवा लें