पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से हुई थी विवाहिता की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। दो दिन पूर्व नगर पंचायत बखिरा के तुरहा टोला की रहने वाली विवाहिता की हुई मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत दम घुटने से होना आया है।
कोतवाली क्षेत्र के बघौली की रहने वाली पीड़ित मां राधिका देवी पत्नी झीनकू का आरोप है कि उसकी 26 वर्षीय बेटी गुंजा की शादी तीन वर्ष पहले बखिरा निवासी गोपाल पुत्र प्रकाश के साथ हुई थी। दहेज के लिए उसकी बेटी को ससुराली अक्सर प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 22 फरवरी की रात उसके दामाद गोपाल ने अपने पिता, भाई, बहन व मां के साथ मिलकर उसकी बेटी गुंजा की हत्या दी। घटना की जानकारी मिलने पर वह बेटी के ससुराल गईं। पीड़ित मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत दम घुटने से होना आया है। इस मामले में मृतका की मां राधिका देवी की तहरीर पर पति गोपाल, ननद सोनी, सास मंजू देवी, ससुर प्रकाश व देवर हरिप्रकाश के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।