महुली। थाना क्षेत्र के तिनहरी गांव में बृहस्पतिवार को डीह बाबा की पूजा के दौरान ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर भी चले थे। इसमें चार लोग घायल भी हो गए थे। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष की तहरीर पर दूसरे पक्ष से चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर लिया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
पुलिस तहरीर में छोटी तिनहरी के मनीष कुमार ने बताया है कि 25 जून की सुबह करीब 8:30 बजे वह गांव के अन्य लोगों के साथ गांव के दक्षिण स्थित डीह बाबा स्थल पर पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान बड़ी तिनहरी के पवन, प्रदीप चौहान, नीरज, और भगवानदास पाल मौके पर पहुंचे और पूजा का विरोध करने लगे। वादी के अनुसार, एतराज करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में मनीष कुमार के अलावा गांव की रीता देवी, सराजुद्दीन और इजरायल घायल हो गए। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और बाद में भी लगातार धमकियां दे रहे हैं। महुली पुलिस ने मनीष कुमार की तहरीर के आधार पर पवन, प्रदीप चौहान, नीरज और भगवानदास पाल के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।