संतकबीरनगर। औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फर्म के डायरेक्टर ने अपने अकाउंटेंट पर लगभग साढ़े बारह लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ गबन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली खलीलाबाद के औद्योगिक क्षेत्र निवासी शेखू खान ने पुलिस में दिए तहरीर में कहा है कि वह डिकोरियम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा नेशनल प्लाईवुड सेंटर के डायरेक्टर है तथा उक्त फर्म में बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र के सपहा गांव निवासी शैलेश उपाध्याय बतौर अकाउंट हेड एक साल से कार्यरत थे। जीएसटी फाइल व कर्मचारियों का पीएफ जमा करने का कार्य वहीं करते थे। एक फर्म में जीएसटी जमा करने के एवज में 1,40,954 रुपये तथा कर्मचारियों के पीएफ के 51 हजार 532 रुपये का गबन कर लिया।
इसी तरह दूसरे फर्म में जीएसटी जमा करने के नाम पर 94 हजार 182 रुपये का हेरा-फेरी कर लिया। व्यक्तिगत स्तर पर फर्म के बैंक खाते से 10,22,940 रुपये निकाल लिया। शैलेश उपाध्याय ने कुल 12,73,608 रुपये का गबन कर लिया। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी अकाउंट शैलेश के ऊपर गबन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।