सपा जिलाध्यक्ष और उनके बड़े भाई पर जालसाजी का केस दर्ज
जांच में कम मूल्य पर गेहूं खरीद कर सरकारी बोरे में रखकर मंहगे दाम पर बेचने की कोशिश
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी की ओर से दी गई तहरीर पर हुई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। दुधारा पुलिस ने सपा के जिलाध्यक्ष गौहर अली खां और उनके बड़े भाई नवी सरवर व अन्य के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर की।
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर नायब तहसीलदार विजय गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार को सेमरियावां के इस्लामाबाद में स्थित नवी सरवर के गोदाम पर छापा मारा गया। मौके पर ट्रक में 245 बोरी गेहूं लोड करते पाया गया। प्रत्येक बोरी का वजन 50 किलोग्राम था। जबकि परिसर में 150 बोरी गेहूं मिला। जबकि दूसरे कमरे में 130 बोरी चावल मिला। छापा के दौरान जावेद आलम पुत्र नवी सरवर निवासी इस्लामाबाद, सेमरियावां मौजूद मिले। पूछताछ में इनके जरिए संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका और न ही अनाज के बारे में कोई वैध कागजात दिखा सके। जांच में कुल 575 बोरी अनाज एवं ट्रक को जांच टीम ने कब्जे में ले लिया। नायब तहसीलदार ने दोनों कमरों को सील करा दिया। शनिवार को डिप्टी आरएमओ रूपेश सिंह और मंडी सचिव अमित गुप्ता ने पहुंचकर सील खुलवा कर जांच की। नायब तहसीलदार की ओर से बताया कि रात में जांच के दौरान जावेद आलम सिर्फ मिले थे। इसके अलावा अन्य कोई नहीं मिला। ट्रक पर ड्राइवर व अन्य व्यक्ति नहीं मिले। मौके पर कोई व्यक्ति अभिलेख नहीं दिखा सका। ट्रक के कागजात गौहर अली खान के नाम से पाए गए। जांच में यह तथ्य पाया गया कि नवी सरवर के इस परिसर में पूर्व में मेसर्स मेराज ट्रेडर्स की मंडी द्वारा लाइसेंस संचालित था। इसके प्रोपराइटर नवी सरवर थे। वर्तमान में भारत सरकार के कृषि अध्यादेेश पांच जून 2020 के क्रम में मंडी परिसर के बाहर के समस्त लाइसेंस समाप्त कर दिए गए हैं। वर्तमान में रबी विपणन वर्ष 2021-22 में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर्गत 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद चल रही है। घटना स्थल पर सरकारी प्लास्टिक के बैग में 50 किलो की भांति मशीन की सिलाई किए हुए बोरे गोदाम के अंदर एवं ट्रक से बरामद हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि गोदाम के मालिक नवी सरवर और ट्रक मालिक गौहर अली खान तथा अन्य द्वारा बाजार में कम मूल्य पर क्रय किए गए गेहूं को सरकारी बोरे में भरवाकर सरकारी खरीद केंद्र पर बेचे जाने का प्रयास किया गया। इनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष गौहर अली खान और उनके बड़े भाई नवी सरवर व अन्य के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया।