वर्तमान व पूर्व चेयरमैन पर केस
धनघटा। महुली पुलिस ने शुक्रवार को नगर पंचायत हरिहरपुर के पूर्व व वर्तमान चेयरमैन समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोप कि लोगों ने नगर के एक शख्स के मकान के बरामदे में कूड़ा-करकट फेंकवा दिया था। उलाहना देने पर उसे धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
नगर पंचायत हरिहरपुर के वार्ड नंबर तीन सूर्य नगर निवासी अलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मजीद का आरोप है कि 18 फरवरी को पुरानी रंजिश को लेकर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन रविंद्र प्रताप शाही उर्फ पप्पू शाही और वर्तमान चेयरमैन जितेंद्र कनौजिया व वार्ड नंबर तीन, वार्ड नंबर सात और वार्ड नंबर आठ के कर्मचारी नाम पता अज्ञात गोलबंद होकर उसके घर आए। आरोप है कि लोग उसके मकान के बरामदे में कूड़ा-करकट तथा तमाम गंदा कागज फेंक दिए। उलाहना देने पर लोगों के जरिए धमकी दी जा रही है। सीओ अंबरीष भदौरिया ने बताया कि पूर्व चेयरमैन रविंद्र प्रताप शाही उर्फ पप्पू शाही, वर्तमान चेयरमैन जितेंद्र कनौजिया व वार्ड नंबर तीन, सात और आठ के कर्मचारी नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।