मंझरिया पठान, भटौली गांव में विवाद के बाद जाम और पथराव करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बखिरा। मंझरिया पठान और भटौली गांव के बीच हुए विवाद के बाद सड़क जाम करने के मामले में बृहस्पतिवार को बखिरा पुलिस ने 50 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ सड़क जाम व पुलिस पर पत्थरबाजी का केस दर्ज किया है।
प्रभारी एसओ बृजभान यादव ने बताया कि मंझरिया पठान निवासी मजनू उर्फ उमेश निषाद की मौत दो गांवों के बीच हुए विवाद में मंगलवार हो गई थी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने उमेश निषाद का शव मंझरिया पठान गांव स्थित मुख्य सड़क के मध्य में रखकर मार्ग पर पटरा, बल्ली रखकर सड़क पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम में शामिल ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम को समाप्त कराने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद एसडीएम मेंहदावल, सीओ मेंहदावल, एसओ मेंहदावल, दुधारा, धर्मसिंहवा एवं महिला थानाध्यक्ष के काफी समझाने के बाद भी ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार को ले जाने के लिए राजी नहीं हुए। कुछ ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों के ऊपर्र इंट- पत्थर भी फेंकने लगे। स्थिति नियंत्रण से बाहर होते देख एसडीएम मेंहदावल एवं सीओ मेंहदावल की मौजूदगी में टियर गैस गन से दो फायर किए गए। काफी मशक्कत के बाद दोपहर में जाम समाप्त हुआ था। घटना में शामिल करीब 50 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ सड़क जाम करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।