कोर्ट के आदेेश पर पत्नी समेत चार पर हत्या का केस दर्ज
युवक के पिता ने उसके ससुराल वालों पर लगाया बेटे की हत्या करने का आरोप
संवाद सूत्र
बेलहर। कोर्ट के आदेश पर बेलहर पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के कुवावार रेहरवा निवासी रामसेवक पुत्र रामनयन का आरोप है कि उनके बेटे मनीष (28) की शादी बेलहर कला के टोला कोनहवा के कुलदीप की बेटी संजना के साथ हुई थी।
बेटा मनीष घर से पांच जुलाई को पत्नी संजना देवी व दस माह के लड़के को लेकर अपनी ससुराल कोनहवा गया था। ससुराल से उसकी पत्नी के जरिए आठ जुलाई की शाम को फोन पर सूचना दी गई कि मनीष की तबीयत बहुत खराब है। सूचना पर वह विनय के साथ मौके पर गए। जहां पता चला कि मनीष की लाश मेंहदावल सरकारी अस्पताल में है। दोनों लोग वहां पहुंचे तो उसके साले का बेटा चंदन, मनीष की पत्नी, संजना की मां कमलावती, मनीष का साला पप्पू उर्फ उदित, शाली रिंकी वहां मौजूद थीं। यह लोग अधिक गमगीन नजर नहीं आ रहे थे और न ही रो रहे थे। उसके बेटे मनीष को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। आरोप है कि उसे पूरा विश्वास है कि संजना, कमलावती, पप्पू उर्फ उदित और कुलदीप ने मिलकर शातिराना ढंग उसे उसके बेटे मनीष की हत्या कर दी। उसने पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपी पत्नी संजना समेत चार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे, आगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।