देवर-देवरानी पर दुष्कर्म एवं लूट का केस
संतकबीनगर। बखिरा क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने देवर पर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। देवर से पैैैदा हुए दो बच्चों की परवरिश के लिए खर्च मांगने पर देवर और देवरानी पर मारने-पीटने व मंगलसूत्र छीन लेने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी देवर-देवरानी पर दुष्कर्म, मारपीट एवं लूट का केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।
एसएसआई श्रवण कुमार यादव के मुताबिक पीड़िता का आरोप है कि उसके देवर जब अविवाहिता थे तो उसके पति के साथ ही रहते थे। तभी से देवर उसके ऊपर बुरी नजर रखने लगे। आरोप है कि देवर ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। देवर से उसे दो बच्चे भी पैदा हुए। पति मुंबई में रहते हैं। देवर की शिकायत करने पर पति अनसुना कर देते थे। देवर से पैैदा दो बच्चों का खर्च मांगने पर देवर-देवरानी अनसुना कर देती थीं। आरोप है कि उसी रंजिश के कारण 18 मई-2019 को देवर-देवरानी ने उसे मारा-पीटा और मंगलसूत्र छीन ली। पीड़िता ने शुक्रवार को इस मामले में बखिरा थाने पहुंच कर तहरीर दी और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। एसएसआई ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी देवर-देवरानी पर दुष्कर्म, मारपीट और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना से जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।