धर्मसिंहवा। थाना क्षेत्र के नगर पंचायत धर्मसिंहवा स्थित सेवाइचपार वार्ड में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास और बलवा सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।
सेवाइचपार निवासी धर्मेंद्र पुत्र रामकिशुन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रविवार की देर रात करीब एक बजे मुटुर, अंकित, गया, अन्नद और पवन उसके घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे। देर रात होने के कारण जब उन्हें ऐसा करने से मना किया गया तो गाली-गलौज करते हुए चले गए। जाते समय उन्होंने अगले दिन गोलबंद होकर मारपीट करने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे सभी आरोपी गोलबंद होकर पहुंचे और मारपीट करने लगे। इस दौरान प्रेम, जसवंत, धर्मेंद्र की मां शिवकुमार और स्वयं धर्मेंद्र को चोटें आईं। आरोप है कि मारपीट के दौरान जसवंत के सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया।
एसओ मनीष जायसवाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।