एक ही परिवार के चार लोगों पर जालसाजी का केस दर्ज
- महुली थाना क्षेत्र के धोबखरा के रहने वाले हैं आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के ग्राम नाथनगर निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि धोबखरा गांव निवासी पिता, बेटा ने परिजनों के सहयोग से अधिक पैसा लेकर उसको कम भूमि बैनामा कर दिया। उलाहना देने पर पिटाई कर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर विश्वास हनन, जालसाजी व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गोरखपुर जिला के गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम टड़वा माफी निवासी तथा हाल मुकाम नाथनगर निवासी संगीता देवी पत्नी अजय कुमार ने बताया कि कुछ दिन पूर्व धोबखरा निवासी राममणि पांडेय से भूमि खरीदी थी। जिसका सौदा चार लाख 55 हजार रुपया में तय हुआ था। जिसके एवज में मौके पर 55 हजार रुपये नकद एडवांस के रुप में दिया था। शेष राशि चार लाख राममणि के बैंक खाते में खाते से ट्रांसफर किया गया था। महिला संगीता देवी का आरोप है कि तय भूमि मौके पर कम मिली। जिसके कारण अधिक पैसा लेकर राममणि ने उसे कम भूमि दिया। इसकी शिकायत लेकर वह जब राममणि के घर पहुंची। तो वह भड़क गए। गाली देते हुए उसे व उसके परिजनों को मारपीट कर घायल कर दिया। महिला संगीता की तहरीर पर पुलिस राममणि, विंदेश्वरी पाण्डेय, खुशी व गौरव के खिलाफ विश्वाश हनन, जालसाजी व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।