संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के उपरौध सिकरी गांव में मारपीट के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित त्रियुगी यादव निवासी उपरौध सिकरी ने अपने शिकायत पत्र के माध्यम से बताया कि 26 सितंबर को समय देर शाम 8:30 बजे के लगभग उनके लड़के गुड्डू यादव को विपक्षी अमित उर्फ अंगद निवासी मझगांवा पोस्ट तैरनी अनायास पीछे से लाठी-डंडा से सिर पर वार कर दिया। जिससे लड़के को काफी गम्भीर चोटें आई हैं। जब वह आरोपी से पूछताछ किए तो वह उनको भी गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। संवाद
फर्जी आईडी से फोटो व अभद्र गाना पोस्ट करने का आरोप
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी लड़की की फर्जी आईडी सोशल मीडिया पर बनाकर फोटो के साथ अभद्र गाना पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने गांव के ही आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाल ने बताया कि पीड़ित पिता ने बताया कि उनके लड़की के नाम से सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर फोटो के साथ अभद्र गाना अपलोड किया गया है। उनके गांव का अभिषेक ने फेक आईडी बनाकर बेटी को आए दिन परेशान कर रहा है। उसके भाई पवन कुमार, पिता सरजू प्रसाद बेटे का सहयोग और धमकी दे रहे हैं। उसके चाचा अयोध्या प्रसाद कहते हैं कि जो होगा देख लेंगे, वह गाली भरी धमकी भी दे रहे हैं। संवाद
-
शोहदे के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने एक शोहदे के खिलाफ केस दर्ज किया है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि एक व्यक्ति ने सूचना दिया कि समय माता मंदिर जाने वाले गली मार्ग के अंदर मंदिर के बगल रास्ते पर खड़ा होकर आने जाने वाले लड़कियों व महिलाओं को देखकर एक व्यक्ति अश्लील गाना गाते हुए छींटाकसी कर रहा है। पुलिस उसके बताए स्थान के पास पहुंची और कुछ दूर पहले रूककर देखा तो एक व्यक्ति रास्ते में खड़ा होकर महिलाओं एवं लड़कियों को देखकर अश्लील गाना गाते हुए फब्बतियां कस रहा था। पूछताछ करने पर पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सतीश चौधरी निवासी ग्राम गौसपुर उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई। उसके परिजनों को बुलाकर मौके से ही मुचलका भरवाकर छोड़ दिया गया। संवाद
-
शांतिभंग में 9 आरोपियों का चालान
संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने अलग-अलग मामले में 9 आरोपी को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए शांतिभंग की आशंका में चालान किया। थाना कोतवाली खलीलाबाद, महुली, धर्मसिंहवा, बेलहरकला पुलिस ने 2-2 एवं थाना मेंहदावल पुलिस ने एक आरोपी को पकड़कर समस्त विधिक कार्रवाई पूरी करके संबंधित मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुतकर दिया। जहां से उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। संवाद
338 वाहन चालकों के काटे चालान
संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने जांच के दौरान ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 338 वाहन के चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की। चेकिंग के दौरान समस्त एसओ एवं प्रभारी यातायात संयुक्त पुलिस टीम ने यातायात नियम का उल्लंघन करने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत 338 वाहन के चालकों से 3,24,500 रुपये शमन शुल्क वसूल किया। संवाद
ऑटो और बाइक की टक्कर में दो घायल
संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के पटखौली पर ऑटो और बाइक की टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को प्राइवेट वाहन से उपचार के लिए सीएचसी हैंसर बाजार भेजवाया। घायल की पहचान मोहन निवासी बहादुरपुर थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर व मुकेश निवासी अतरौलिया जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई। संवाद