महराजगंज। एक विवाहिता ने संतकबीरनगर मेंहदावल कौवाठोर निवासी पति विनीत और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा श्यामदेउरवा थाने में केस दर्ज कराया है।
आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस पति समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता स्नेहा ने बताया कि वह पिता के साथ नगर पंचायत परतावल के महंत अवेद्यनाथ नगर वार्ड में रहती है। बीते वर्ष 25 फरवरी को उसकी शादी विनीत कुमार निवासी कौवाठोर थाना मेंहदावल जिला संतकबीरनगर के साथ हुई। शादी में मेरे पिता ने अपने सामर्थ्य के दहेज आदि देकर विदा किया था। शादी के कुछ दिन तक सबकुछ ठीक-ठाक रहा।
आरोप है कि कुछ दिन बीतने के बाद पति विनीत कुमार, ससुर शिवपूजन, सास राधिका देवी, ननद रंजना व वंदना आदि मिलकर अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग करने लगे। बीते 20 जुलाई को परतावल स्थित दुर्गा मंदिर पर पंचायत हुई। पंचायत की बात न मानते हुए ससुराल वाले मेरे पिता और भाई को अपमानित करते हुए मुझसे धक्का-मुक्की की। इस दौरान गिरने से उसे चोट लग गई। आरोपियों ने धमकी दी कि बिना दो लाख रुपये लिए घर आई तो जान से मार देंगे।