बखिरा। सोमवार को ब्लाॅक मुख्यालय तिघरा के बीडीओ कार्यालय में जांच टीम के सामने मारपीट के मामले में पुलिस ने भड़ारी ग्राम पंचायत के प्रधान पति की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। भड़ारी ग्राम पंचायत के प्रधानपति साधुसरन पुत्र रामदेव का आरोप है कि हावपुर भड़ारी के हरिओम सिंह उर्फ अंकित सिंह ने मनरेगा योजना के कार्य के संबंध में शिकायत किया था। जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गांव में आई थी।
मौके पर भौतिक सत्यापन व पंचायत भवन पर ग्रामीणों का बयान लेकर जांच टीम ब्लॉक मुख्यालय आ गई। जांच टीम के पूछताछ के दौरान ही शाम करीब 4:15 बजे विपक्षी हरिओम सिंह व अन्य आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर बीडीओ कार्यालय में घुस आए उन्हें जातिसूचक गाली देने लगे व हत्या करने की नीयत से उसके सिर पर लाठी से हमला कर दिए।
उसे बचाने के लिए आए बेटे पंकज को भी विरोधियों ने लाठी-डंडे व थप्पड़ से मारेपीटे, जिससे वह भी बेहोश हो गया। होश आने पर वह जान बचाकर भागने लगा, तो विरोधी उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। लोगों के एकत्र होने पर विपक्षी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
पुलिस ने इस मामले में साधुसरन की शिकायत पर हरिओम सिंह, सत्यविजय सिंह, दीपक मिश्र, शत्रुघ्न मिश्र, आयुष मिश्र, जितेंद्र यादव निवासी हावपुर भड़ारी, उमेश उपाध्याय निवासी बेलहसा व देवव्रत पांडेय निवासी बड़गो के खिलाफ केस दर्ज कर किया है। संवाद