बेटी का जन्मदिन मना रहे परिवार को पीटा, घर में तोडफोड़
- पीड़ित परिवार को तीन बार बुलानी पड़ी पुलिस
- नौ लोगों पर मारपीट, लूट, एससी/एसटी एक्ट का केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। बुधवार देर शाम क्षेत्र के घेंचुआ गांव में बेटी का जन्मदिन मना रहे परिवार को डीजे पर नाचने से मना करने पर कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि लोग सोने की चेन लूट ली और घर में तोडफोड़ की। टेंट का सामान भी उठा ले गए। पीड़ित परिवार को तीन बार पुलिस बुलानी पड़ी। इस मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने नौ लोगों पर लूट, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट का केस दर्ज किया।
छोटई पुत्र करिया का आरोप है कि रविवार देर शाम बेटी का जन्मदिन घर में मना रहे थे। कार्यक्रम में डीजे की आवाज सुनकर सुखराम, गोलू, जडेजा, रामनाथ, कृष्णा यादव, संदीप, कृष्णा के मामा के दो लड़के, कमलेश यादव पहुंच गए। आरोप है कि कार्यक्रम में नाचने की जिद करने लगे। मना करने पर लोग घर में घुसकर महिलाओं व बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किए। रोकने पर परिवार के सदस्यों को अपशब्द कहते हुए लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। लेकिन पुलिस के जाते ही फिर से परिवार के लोगों की पिटाई करने लगे। पिटाई से रामअचल और छोटेलाल को चोटें आई है। बेटी माधुरी के सिर में गंभीर चोट लगी है। आरोपियों ने सोने की चेन भी छीन लिए और घर में रखे सामान भी तोड़ दिए। टेंट का सामान भी उठा ले गए हैं। मामला शांत नही होने पर रात में तीन बार डायल 112 नंबर की पुलिस के आने के बाद भी लोग जान से मारने की धमकी देते रहे। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि इस मामले में सुखराम, कृष्णा समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट, एससी/एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।