कोर्ट के आदेश पर तीन सगे भाई समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। कोर्ट के आदेश पर बखिरा पुलिस ने तीन सगे भाई समेत पांच के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज किया है।
छपिया अव्वल निवासी हृदय प्रकाश पाठक ने न्यायालय में दाखिल वाद में कहा कि छपिया निवासी तीन सगे भाइयों छोटेलाल, बाबूलाल, रविशंकर द्वारा सार्वजनिक उपयोग की भूमि में बने अवैध निर्माण को गिराने का आदेश दिया गया था। इससे बचने के लिए अभियुक्तों ने एसडीएम खलीलाबाद के न्यायालय में दावा दाखिल किया था। वाद के विचारण के दौरान अभियुक्तगण गायत्री देवी व उसके पति शिवप्रसाद तिवारी निवासीगण जसवल भरवलिया ने छोटेलाल, बाबूलाल व रविशंकर को लाभ दिलाने की नीयत से नौ जनवरी 2018 को भूमि प्रस्ताव समिति का फर्जी, जाली व कूटरचित प्रस्ताव बनाया था।
एसडीएम व मंडलायुक्त दोनों की जांच में भूमि संरक्षण समिति द्वारा प्रस्ताव फर्जी व कूटरचित मिला। इस पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए न्यायालय द्वारा मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया गया है। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी सगे भाइयों छोटेलाल, बाबूलाल व रविशंकर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।