- महिला सभा की राष्ट्रीय नेता का आरोप, मेंहदावल में पार्टी कार्यक्रम के दौरान हुई वारदात
- सपा जिलाध्यक्ष बोले- आरोपी नेता को पदमुक्त किया गया, फेसबुक पोस्ट की होगी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी की महिला सभा की एक राष्ट्रीय नेता ने युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव दानिश अंसारी पर छेड़छाड़ और धमकाने का केस दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि मेंहदावल में पार्टी के कार्यक्रम के दौरान उनसे छेड़खानी की गई और विरोध पर धमकी दी गई। महिला नेता का यह भी कहना है कि आरोपी ने वारदात के बाद फेसबुक पर उनके और उनके परिवार को लेकर अभद्र टिप्पणी भी की। मेंहदावल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। वहीं पार्टी जिलाध्यक्ष का कहना है कि आरोपी को पद से हटा दिया गया है।
महिला नेता ने पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को शाम तीन बजे के आसपास मेंहदावल कस्बे के नई बाजार शनिचरा बाबाधाम पर पार्टी का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के बाद खलीलाबाद के मोतीनगर निवासी और पार्टी की युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव दानिश अंसारी ने उनके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर धमकाया। आरोप है कि वारदात के बाद फेसबुक पर उनके और परिवार के चरित्र को लेकर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी भी की। महिला नेता ने कहा है कि उनको जानमाल का खतरा बना हुआ है। मेंहदावल के थानेदार रामकृपाल सिंह ने बताया कि महिला नेता की शिकायत पर आरोपी दानिश अंसारी के खिलाफ छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही रही है।
00
कोट
यू-टयूब चैनल के माध्यम से जानकारी मिली कि युवजन सभा के राष्ट्रीय सचिव दानिश अंसारी ने पार्टी की महिला सभा की एक राष्ट्रीय नेता के खिलाफ फेसबुक पोस्ट में अपशब्दों का प्रयोग किया गया। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखा गया है। दानिश अंसारी को पद से मुक्त कर दिया गया है। उनकी फेसबुक पोस्ट की जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।
-अब्दुल कलाम, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
0
केस वापस लेने की पोस्ट वायरल
इस प्रकरण में शुक्रवार देर शाम वायरल एक फेसबुक पोस्ट में कहा गया है कि महिला नेता पार्टी नेतृत्व की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। महिला नेता की बताई जा रही इस पोस्ट में कहा गया है कि, उन्होंने विवाद पार्टी फोरम पर रखा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व तक मामला पहुंचाया। जिलाध्यक्ष ने आरोपी दानिश अंसारी को पदमुक्त करते हुए संगठन से निष्कासन की संस्तुति शीर्ष नेतृत्व को भेजी है। इस पूरी कार्रवाई से वह संतुष्ट हैं और उनके द्वारा जो भी कार्रवाई की गई है उसे वापस ले रही हैं।