संतकबीरनगर। जल निकासी व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन खलीलाबाद ने शहर में नाला निर्माण शुरू कराया है। इससे व्यापारियों के साथ ही अन्य लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। स्थिति यह है कि खुदाई के कारण करीब 15 व्यापारियों की दुकानें बंद हो गई तो घर से निकला भी मुश्किल हो गया है।
भारतीय स्टेट बैंक आने वाले खातेदारों को भी समस्या झेलनी पड़ रही है। कारण यह है कि नाला खुदाई में आने-जाने के लिए रास्ता नहीं छोड़ा गया है। बैंक चौराहा के बंजरिया मोड से उत्तर तरफ नाला निर्माण के लिए नगर पालिका प्रशासन ने खुदाई शुरू कराई है। जेसीबी से हुई खुदाई के कारण उत्तर तरफ के दुकानदारों की मुसीबत बढ़ गई है। कुछ व्यापारियों ने विरोध भी किया, लेकिन लोगों ने शांत करा दिया। इसके बावजूद व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि खुदाई के दौरान कहीं भी रास्ता नहीं छोड़ा गया, जिससे घर से निकलने में दिक्कत हो रही है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि खुदाई के दौरान घर की नींव तक खोद दी गई है, जिससे मकान कमजोर होने की आशंका है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि नगर पालिका परिषद असंवेदशील बना हुआ है। उन्होंने कहा कि 15 से 20 दुकानें पूरी तरह से बंद हो गई है, जिससे रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि दुकान के अंदर दो से तीन फुट तक मशीन से खुदाई कराई गई है, जिससे बिल्डिंग के ध्वस्त होने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन को व्यापारियों के हितों को भी ध्यान में रखना चाहिए। कारोबार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में आर्थिक संकट भी जा सकता है।