- हाईवे स्थित सरैया के पास हुआ हादसा
- घर के सामने टहल रही थी महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के हाईवे स्थित सरैया के पास शनिवार की सुबह घर के सामने टहल रही वृद्ध महिला को कार ने ठोकर मार दी, जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद माैके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिहार नंबर की कार सुबह के समय गोरखपुर से बस्ती की तरफ जा रही थी। शहर के हाईवे स्थित सरैया में पहुंचने के बाद कार अनियंत्रित हो गई। अनियंतित्र कार ने घर के सामने टहल रही केसरी देवी (65) पत्नी स्व. अष्टभुजा प्रसाद पांडेय को चपेट में ले लिया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सरैया निवासी केसरी के बेटे संतोष कुमार पांडेय की तहरीर पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा।