संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के समय माता तिराहे पर पिकअप की टक्कर से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार मालिक ने कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने और पिकअप मालिक से क्षतिग्रस्त कार की भरपाई कराने की मांग की है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, संजय कुमार मूलरूप से दुधारा थाना क्षेत्र के बसडीला गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह खलीलाबाद के टीचर कॉलोनी मोहल्ले में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29/30 अगस्त की रात करीब एक बजे उनका छोटा भाई आदित्य चौधरी कार चला रहा था। वह मेंहदावल बाईपास से बरदहिया बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान समय माता मंदिर तिराहे पर बरदहिया बाजार की तरफ से आ रही पिकअप ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई। संजय कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई करने और पिकअप मालिक से वाहन की क्षति की भरपाई कराने की मांग की है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।