डीघा बाईपास ओवरब्रिज पर डीसीएम से टकराई हुई कार
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर स्थित ओवरब्रिज पर खड़े एक डीसीएम से एक कार टकरा गई। हादसे में तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से पति-पत्नी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कुशीनगर जनपद के सेवरही थानांतर्गत तमकुही रोड निवासी दीपक जायसवाल (20) शादी में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी और मां के साथ दिल्ली गए थे। शुक्रवार की दोपहर लौटते समय डीघा हाईवे पर खराब डीसीएम से पीछे से टकरा गई। कार में सवार दीपक, उनकी पत्नी ज्योति (45) और मां इंद्रावती देवी (70) घायल हो गए। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दीपक और ज्योति को चिकित्सकों ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। वहीं उनकी मां इंद्रावती देवी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। संवाद