प्रमुख प्रत्याशियों के संपत्ति का ब्योरा
भाजपा के गणेशचंद्र चौहान हैं लखपति
बुधवार को धनघटा सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से नामांकन करने वाले भाजपा उम्मीदवार गणेशचंद्र चौहान लखपति हैं। इनके पास 4,39,071 रुपये की संपत्ति है। जबकि इनकी पत्नी के पास 2,37,200 रुपये की संपत्ति है। 35 वर्षीय गणेशचंद्र चौहान स्नातक हैं। इनके पास नकदी के रूप में 1,45,000 रुपये और पत्नी के पास 65,200 रुपये हैं।
सपा के जयचंद्र हैं करोड़पति
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जयचंद्र उर्फ जयराम पांडेय करोड़पति हैं। इनके पास कुल 4,90,000 की संपत्ति है। जबकि इनकी पत्नी के पास 7,89,500 रुपये की संपत्ति है। इनके तीन आश्रितों में क्रमश: 16,000, 14,54,997 व 14,43,000 की चल संपत्ति है। इनके पास 30 हजार रुपये नकदी व पत्नी के पास 22 हजार रुपये नकदी है। जबकि इनके पास एक करोड़ दो लाख की अचल सपंत्ति है। इनकी पत्नी के पास 60 लाख की अचल संपत्ति है।
बसपा के आफताब आलम हैं करोड़पति
खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी आफताब आलम करोड़पति हैं। इनके पास 39 लाख 78 हजार 596 रुपये की संपत्ति है। जबकि इनकी पत्नी के पास 16 लाख 72 हजार 191 रुपये की संपत्ति है। इनके पास नकदी के रूप में 1,32,000 रुपये व पत्नी के पास 37,500 रुपये नकदी है। जबकि उनके स्वयं की अचल संपत्ति तीन करोड़ 30 लाख, 12 हजार रुपये और पत्नी की अचल संपत्ति 75,80,000 की है। आफताब आलम स्नातक हैं। उन्होंने डिप्लोमा इन कंप्यूटर प्रोग्रामिंग एवं सिस्टम मैनेजमेंट किया है। इनके पास फारचुनर गाड़ी है।
कांग्रेस के अमरेंद्र भूषण हैं लखपति
खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी अमरेंद्र भूषण लखपति हैं। इनके पास 72,63,000 की चल संपत्ति है। जबकि पत्नी के पास 4,40,000 रुपये की चल संपत्ति है। इनके पास नकदी के रूप में दस हजार रुपये व पत्नी के नाम 15 हजार रुपये है। अमरेंद्र भूषण परास्नातक हैं और हिन्दी से पीएचडी हैं।
पीस पार्टी के डॉ. अय्यूब हैं करोड़पति
खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के पीस पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अय्यूब खां करोड़पति है। इनके पास एक करोड़ 87 लाख चार हजार सात सौ चार रुपये की चल संपत्ति है। जबकि इनकी पत्नी के पास दो करोड़ 31 लाख 54 हजार 290 रुपये की चल संपत्ति है। डॉ. अय्यूब के पास नकदी के रूप में 30,72,045 रुपये व पत्नी के पास 45,59,082 रुपये नकदी है। वह मास्टर ऑफ सर्जरी डिग्रीधारक हैं। इनकी पत्नी के पास एक करोड़ 30 लाख की अचल संपत्ति है।
कांग्रेस प्रत्याशी शांति देवी हैं लखपति
धनघटा सुरक्षित विधानसभा की कांग्रेस प्रत्याशी शांति देवी लखपति हैं। इनके पास 6,93,794 रुपये की चल संपत्ति है। जबकि इनके पति के पास 83 हजार की संपत्ति है। शांति देवी के पास नकदी के रूप में एक लाख 50 हजार रुपये और पति के पास 40 हजार रुपये नकदी है। शांतिदेेवी साक्षर हैं।