- ज्यादातर पुरानी गाड़ियों में अभी भी लगे हैं पुराने नंबर प्लेट
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में अब भी बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के करीब 40 फीसदी से अधिक वाहन दौड़ रहे हैं। ज्यादातर पुरानी गाड़ियों में अभी भी पुराने नंबर प्लेट लगे हुए हैं। संभागीय परिवहन कार्यालय बिना एचआरसीपी वाले वाहनों की जांच के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा।
संभागीय परिवहन कार्यालय के अनुसार जिले में लगभग दो लाख 70 हजार वाहनों का पंजीकरण है। इनमें से लगभग 60 प्रतिशत वाहनों पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग पाया है। बाकी के 40 प्रतिशत वाहनों पर अभी भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नही लग सका है। विभाग की तरफ से इसे लगाने के लिए वाहन स्वामियों को सहूलियत दी जा रही है। इसके बाद भी कई वाहन स्वामी वाहनों पर नंबर प्लेट लगवाने में लापरवाह बने हैं और पुराने नंबर प्लेट पर ही वाहन चला रहे हैं।
अब विभाग ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की जांच के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जांच के दौरान बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगा हुआ वाहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में लगभग दो लाख 70 हजार वाहनों का पंजीकरण है। इनमें से लगभग 60 से 70 प्रतिशत वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग चुका है। बाकी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए जांच अभियान चलाया जाएगा। जांच के दौरान जिन वाहनों पर नंबर प्लेट पुराना मिलेगा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- प्रियंवदा सिंह, एआरटीओ