खलीलाबाद के गोलाबाजार में करवा चौथ के लिए साड़ियों की खरीदारी कर रही महिलाएं । संवाद
संतकबीरनगर। सुहागन महिलाओं के बीच लोकप्रिय त्योहार करवाचौथ को भुनाने के लिए बाजार भी तैयार है। विभिन्न प्रकार की साड़ियां महिलाओं की पहली पसंद बनी हैं। इसमें सबसे अधिक क्रेज जिन साड़ियों का है, उनमें क्रेप और कलकत्ता वर्क की साड़ियां अधिक हैं।
महिलाएं देर शाम तक खरीदारी कर रही हैं। ब्रांडेड साड़ी और सूट खूब पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा साैंदर्य प्रसाधनों की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है। करवाचौथ का पर्व आगामी 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर शहर के गोलाबाजार, घोरखल के बाजार पूरी तरह से सज चुके हैं। वस्त्रों की दुकानों पर साड़ियों की धूम चल रही है।
इन साड़ियों में सूरत की कटक सिल्क, इचल करेची, पचनिमा सिल्क, कांजीवरम, क्रेप, थ्रीडी के साथ ही कलकत्ता वर्क और मैसूर की वैरायटी महिलाओं को खूब लुभा रही है। लाल रंग की साड़ियां महिलाओं को खूब भा रही हैं।
कारण यह है कि यह रंग सुहाग का प्रतीक माना जाता है। गौरव रुंगटा ने बताया कि पांच सौ से 25 हजार रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध हैं। इसमें पांच हजार रुपये तक की साड़ियों की अधिक मांग है।