संवाद न्यूज एजेंसी
लोहरौली। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अब पढ़ाई के साथ-साथ शांत और अनुकूल माहौल भी एक बड़ी जरूरत बन गया है। घरों में शोरगुल, सीमित जगह और पढ़ाई के लिए उचित वातावरण न मिलने के कारण युवा अब निजी डिजिटल लाइब्रेरी का रुख कर रहे हैं।
यहां महज 500 रुपये महीने के शुल्क पर प्रतिदिन छह घंटे तक शांत वातावरण में बैठकर पढ़ाई करने की सुविधा मिल रही है। युवाओं की इसी जरूरत ने डिजिटल लाइब्रेरी के कारोबार को तेजी से बढ़ावा दिया है। तहसील क्षेत्र में इस समय करीब दर्जनों निजी डिजिटल लाइब्रेरी संचालित हो रही है।
डिहवा बाजार, बभनवली, संठी, हैंसरबाजार, लोहरैया, औराडाड़, असरफपुर, उमरिया, धनघटा, शनिचरा बाजार, बंडा, मुखलिसपुर समेत विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख बाजारों के आसपास खुली इन लाइब्रेरी में सुबह से शाम तक विद्यार्थियों की आवाजाही बनी रहती है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवक-युवतियां यहां नियमित रूप से पहुंचकर अपने लक्ष्य की तैयारी में जुटे रहते हैं। कई लाइब्रेरी में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दो शिफ्टों में बैठने की व्यवस्था की गई है।
मानकों का पालन जरूरी ः जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार के मुताबिक कोचिंग संस्थानों और डिजिटल लाइब्रेरी की समय-समय पर जांच की जाती है। संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करते हुए संस्थान चलाने की अपेक्षा की जाती है। विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्था पर भी ध्यान देना जरूरी है।