-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि
- सोमवार देर रात को हरिहरपुर कस्बे के गांधीनगर मोहल्ले के गोदाम में मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के हरिहरपुर कस्बे के गांधीनगर मोहल्ला निवासी व्यापारी के बेटे का सोमवार देर रात को गोदाम के अंदर फंदे से लटका शव मिला था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सूरज गुप्ता की मौत का कारण फंदे से लटकना है।
गांधीनगर मोहल्ला निवासी मुराली लाल गुप्ता का जलकल कार्यालय के पास गोदाम है। सोमवार की देर रात में बड़ा बेटा सूरज गुप्ता संदिग्ध हालात में रस्सी के फंदे से लटका शव मिला था। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मामले की जानकारी होने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंच गई। सूरज गुप्ता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूरज के परिजनों ने उसी समय हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया था।
इस संबंध में धनघटा सीओ अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सूरज की मौत हैंगिंग की वजह से पुष्ट हुई है। जबकि परिजनों ने हत्या होने की आशंका जाहिर की है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।