संतकबीरनगर। कुंभ मेले में जिले के यात्रियों को ले जाने के लिए जिला मुख्यालय पर एचआरपीजी काॅलेज के पास शुगर मिल के मैदान में अस्थायी बस अड्डा बनाया गया है। इस अस्थायी बस अड्डे से सरकारी बसें 24 जनवरी से रवाना होंगी। यहां पर कुंभ मेला के लिए प्रयागराज जाने वाली बसें मिलेंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश देने के साथ ही डीएम ने सभी विभागों की भूमिका तय कर दी है।
कुंभ जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए जिला मुख्यालय पर सीतापुर डिपो से 50 बसों को मंगाया जा रहा है। यह बसें यहीं से यात्रियों को लेकर अयोध्या होते हुए प्रयागराज जाएंगी। अस्थायी बस अड्डे के संचालन के लिए 10 लाख रुपये दिए गए हैं।
ताकि वहां पर बुनियादी सुविधाएं दी जा सकें। जिम्मेदारियों के वितरण के बाद वहां पर विभागों ने जाकर अपने काम भी शुरू कर दिए हैं। यहां पर पूरी तरह से कुंभमय माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे बस स्टैंड परिसर में सूचना प्रसारण के साथ ही साथ भक्तिमय संगीत भी चलेगा तथा यहां पर यात्रियों के रुकने के लिए इंतजाम भी किए गए हैं।
व्यापारी संगठन करेंगे भोजन की व्यवस्था : उपायुक्त राज्य कर को वहां पर श्रद्धालुओं के भोजन व लंच पैकेट की व्यवस्था के निर्देश दिए गए है। वह जिले के व्यापारी संगठनों, व्यापारियों तथा समाजसेवी संगठनों के साथ बात करके अस्थायी बस अड्डे पर आने वाले श्रद्धालु नर नारियों के लिए भोजन व जलपान की व्यवस्था करेंगे।