बस से प्रयागराज रवाना होते श्रद्धालु-संवाद
संतकबीरनगर। जनपद से बृहस्पतिवार को प्रयागराज माघ मेला में वसंत पंचमी पर्व पर स्नान के लिए तमाम श्रद्धालु परिवहन निगम की बसों से गए। जिले के मेंहदावल, खलीलाबाद व मुखलिसपुर से बसें रवाना हुईं। परिवहन निगम के कर्मचारी श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा के लिए पूरे समय सक्रिय रहे।
सनातन धर्म में वसंत पंचमी का काफी महत्व है। इस दिन विद्या की देवी सरस्वती, कामदेव व विष्णु की पूजा की जाता है। मान्यता है कि इसी दिन देवी सरस्वती का अवतरण हुआ था। इसके साथ ही लोग पवित्र नदियों में स्नान, पूजा, दान आदि करते हैं। प्रयागराज के संगम स्थान का भी काफी विशेष महत्व है। इसके वजह से जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज जाते हैं। काफी संख्या में लोग निजी वाहन बुक करके भी जाते हैं।
परिवहन निगम की तरफ से इसके लिए काफी पहले से ही तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार माघ मेला के लिए बस्ती डिपो की 30 बसों का आवंटन हुआ है। ये बसें मेंहदावल, खलीलाबाद और मुखलिसपुर बस अड्डे से संचालित हो रही हैं। खलीलाबाद अस्थायी बस अड्डा प्रभारी टीएन दूबे ने बताया कि प्रयागराज माघ मेला के लिए पहले से ही बसें मिली हैं। उसका संचालन कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को मेंहदावल से 2, खलीलाबाद से एक और मुखलिसपुर बस अड्डा से 2 बसें श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज गई हैं। श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई समस्या न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।