संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का गोरखपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस मामले प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के चांदीडीहा गांव निवासी राममूरत मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में जानकारी दी कि उनका पुत्र संतोष मिश्र 26 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे मोटरसाइकिल से घर से खलीलाबाद की ओर जा रहा था। नवीन सब्जी मंडी सरैया के पास पीछे से आ रही बस के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में संतोष मिश्र गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार करा रहे हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित के पिता ने बताया कि पुत्र के इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके। अब उन्होंने बस चालक के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल जय प्रकाश दूबे का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच व आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।