संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र की रहने वाली नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बृहस्पतिवार को देर रात डीएम के आदेश पर उसके शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की मांग पर तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं दूसरी तरफ शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन फिर से शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिए थे। जिसके बाद पुलिस टीम शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए मान-मनौवल करती रही। दिनभर चली मान-मनौवल के बाद परिजन ने शाम को युवती के शव को दफना दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस टीम छात्रा के गांव पर मौजूद रही।
छात्रा खलीलाबाद में रहकर मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया। शुरुआती जांच के बाद परिजन ने मौत पर सवाल उठाते हुए इसे हत्या बताया और एक युवक तथा एक युवती पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि छात्रा की मौत सामान्य नहीं है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कोतवाली पुलिस ने मां की तहरीर पर मृतका की सहेली व युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया था।
परिजनों के विरोध और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग को देखते हुए डीएम के आदेश पर तीन डॉक्टरों का पैनल गठित किया। बृहस्पतिवार को पैनल की मौजूदगी में शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि जांच में किसी प्रकार का विवाद न रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। दोबारा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट में किसी प्रकार के आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उधर, छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा है। परिजन लगातार घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक मामले का पूरी तरह खुलासा नहीं होगा, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाएगा।
रिपोर्ट पर टिकी जांच की दिशा
दोबारा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट इस मामले में सबसे अहम कड़ी मानी जा रही है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि छात्रा की मौत स्वाभाविक थी, आत्महत्या का मामला है या फिर उसके साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना हुई। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस विवेचना की दिशा भी तय होगी।
परिजन की मांग पर नर्सिंग के छात्रा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया है। शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का परीक्षण किया जाएगा। उसके बाद मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ खलीलाबाद