संतकबीरनगर। शहर के छोटी सरौली में सेतु निगम के कर्मी के खाली मकान में सोमवार की रात छत के रास्ते घुसे चोर घर को खंगाल ले गए। चोर कीमती जेवरात व सामान आदि उठा ले गए। सूचना पर मंगलवार को पुलिस ने पहुंच कर जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के चंगेरा-मंगेरा निवासी संजय भारती सेतु निगम बस्ती में कर्मी हैं। उन्होंने खलीलाबाद के छोटी सरौली में मकान बनवा रखा है। शनिवार को उनका परिवार अपने गांव चंगेरा-मंगेरा संत रविदास की जयंती मनाने गया था।
मंगलवार को परिवार लौटा तो अंदर सामान बिखरा मिला और चोरी होने की जानकारी हुई। पीड़ित परिजनों ने बताया कि चोर छत के रास्ते अंदर घुस आए । चोर उसके घर से सोने का हार, झुमका, मंगलसूत्र, मांग टीका, अंगूठी और कुछ घरेलू सामान उठा ले गए। चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।