संतकबीरनगर। मंगलवार की देर रात अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने खुद को निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव अब्दुल अजीम को दुधारा क्षेत्र के नव्वा गांव के पास गोली मार दी। हालांकि गोली कार के दरवाजे से जाकर उनके पैर के जांघ में लगी। जिससे वह घायल हो गए। रात में ही उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुटी है। हमले के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव व कोतवाली क्षेत्र के टेमा रहमत गांव निवासी अब्दुल अजीम मंगलवार की रात कार से दुधारा क्षेत्र के बिगरामीर स्थित चाय की दुकान से चाय पीकर अपने घर जा रहे थे। अभी वह क्षेत्र के नव्वा गांव के रविदास मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो लोग उनके कार के बगल से आकर गोली चला दी। जिससे गोली कार के दरवाजे पर लगी और छेदते हुए उनके पैर में लग गई। जिसके बाद उनके साथी उन्हेंं लेकर जिला अस्पताल आए। जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उनका इलाज शुरू किया। हालांकि गोली पैर में नहीं मिली।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल की जांच की। पुलिस अलग बगल की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पीड़ित अब्दुल अजीम ने दुधारा पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था।
कोट
देर रात अब्दुल अजीम ने पुलिस को सूचना दी कि उन्हें गोली लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उन्हें जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजवाया। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच की। पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
-सुशील कुमार सिंह, एएसपी