तिघरा। बघौली क्षेत्र के सूपा गांव में सांड़ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। सांड़ के हमले से एक किसान के रीढ़ की हड्डी टूट गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। किसान को जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया है। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सांड़ को पकड़ने के लिए ग्राम प्रधान, सफाईकर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत की। इसके बाद उसे पकड़ा जा सका। सूपा गांव निवासी 60 वर्षीय देवेंद्र पांडेय सिंचाई के लिए खेत में पानी चला रहे थे। इसी दौरान एक छुट्टा सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया। इससे उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया, अब उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इससे पहले सांड़ से ग्रामीण दहशत में थे, लेकिन उसके पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों को रहता है।
एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम भेजकर सांड़ को पकड़ लिया गया है। उसे जिगिना पशु आश्रय केंद्र भेज दिया गया है।