धनघटा तहसील क्षेत्र के सिरसी गांव के पास अधूरा पड़ा आईटीआई का भवन।संवाद
संतकबीरनगर जिले के धनघटा क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा देने के उद्देश्य से 14 वर्ष पूर्व सिरसी में आईटीआई के भवन की आधारशिला रखी गई। दीवार भी छत स्तर के करीब तैयार हो गई, लेकिन धन के अभाव में बंद हुआ निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका।
वर्ष 2009 में सिरसी में आईटीआई के भवन का निर्माण शुरू हुआ। वर्ष 2014 में भवन का निर्माण कार्य अचानक बंद कर दिया गया। सिरसी गांव के पूर्व प्रधान महेंद्र नाथ राय, विजय कुमार, राजन राय, जगदीश प्रसाद आदि का कहना है कि करीब चार एकड़ जमीन में बनने वाले आईटीआई के भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2014 तक हुआ। उसके बाद धन न होने की बात करते हुए कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य को रोक दिया।
गांव वालों का कहना है कि आईटीआई के भवन का निर्माण कार्य बंद होने के कारण दीवार क्षतिग्रस्त होने लगी है। कई बार जब मांग की गई तो 2020 में भवन के चारों तरफ चारदीवारी बनाई गई। उसके बाद से अब तक न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही अधिकारी आईटीआई के भवन के निर्माण के लिए पहल की।
लोगों का कहना है कि यदि कॉलेज का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाता और शिक्षा यहां पर शुरू हो जाती तो यहां के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए गोरखपुर बस्ती समेत अन्य शहरों में जाना नहीं पड़ता। इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद चौहान ने कहा कि आईटीआई कॉलेज भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कराने के लिए शासन में पत्राचार किया गया है। उम्मीद है कि बंद पड़ा निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा।