संतकबीरनगर। खलीलाबाद के प्रसिद्ध समय माता मंदिर के सुंदरीकरण में बजट का रोड़ा खड़ा हो गया है। इसके लिए अभी करीब तीन करोड़ रुपये की और दरकार है।
अभी मात्र दो तरफ ही सीढ़ी व बाउंड्रीवाल का कार्य हो सका है। अन्य कार्य अधूरे रह गए है और बजट खत्म हो गया है। ऐसे में अब बजट का इंतजार हो रहा है। इस पोखरे के सुंदरीकरण से धार्मिक और पर्यटन की दृष्टिकोण से लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
खलीलाबाद के समय माता मंदिर पोखरा के सुंदरीकरण व पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने कि दिशा में पहल की गई थी। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। इसके तहत पोखरा एवं आसपास चिह्नित स्थलों के सुंदरीकरण एवं पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किए जाने की योजना है।
इसमें वेंडिंग जोन, एसएचजी मार्ट, ओपेन जिम, किड्स प्ले जोन, योगा प्वाइंट, हर्बल वाटिका, लाइब्रेरी कम रीडिंग रूम सहित पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित ढंग से बनाए जाने हैं। साथ ही दो तरफ दुकानें बनाई जानी हैं।
इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय, पाथ-वे आदि का भी निर्माण कराया जाना है। वर्तमान में जो बजट उपलब्ध हुआ था, उससे दो तरफ कार्य कराए गए हैं। शेष कार्य अधर में लटक गया है। दोनों तरफ सीढ़ी और बाउंड्रीवाॅल बनी है।
इससे लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। क्षेत्र निवासी राकेश कुमार, पवन कुमार आदि ने कहा कि पोखरे के सुंदरीकरण का कार्य शुरू होने से काफी उम्मीदें थी, लेकिन अब निराशा महसूस हो रही है।