संतकबीरनगर। जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसडीला में मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी के लिए तीन लाख रुपये रिश्वत मांगने के मामले में डीएम ने शुक्रवार को बीएसए को तलब किया और मामले की जानकारी ली। इस मामले का निस्तारण प्राथमिकता के तौर पर करने के लिए बीएसए को निर्देश दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कमिश्नर बस्ती मंडल, एडी बेसिक और डीएम से की है।
केसारी महनी निवासी मोहम्मद अमन ने कमिश्नर, डीएम, एडी बेसिक को दिए पत्र में कहा है कि उनके पिता जनता पूर्व माध्यमिक विद्यालय बसडीला में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। तीन जनवरी 2022 को उनकी मृत्यु हो गई। मां व भाइयों की लिखित सहमति से उसने योग्यतानुसार अनुचर पद पर एक वर्ष पूर्व अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था। उसे बीएसए कार्यालय में रिसीव भी करा दिया। लगातार बीएसए कार्यालय से संपर्क करता रहा पर कोई जवाब नहीं मिला। जब बीएसए के पास जाते तो कहते कि पटल सहायक से मिल लें। जब पटल सहायक के पास गया तो उन्होंने तीन लाख रुपये की डिमांड की। वह एक वर्ष से दौड़ा रहे हैं।
पीड़ित की शिकायत को कमिश्नर ने गंभीरता से लिया और डीएम को जांच का निर्देश दिया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने शुक्रवार के बीएसए को कार्यालय में तलब किया और मामले की जानकारी ली। एक-एक विदुओं पर पूछताछ की। उन्होंने अब तक पीड़ित को नौकरी क्यों नहीं मिली इस पर बीएसए से जवाब मांगा। इसके साथ ही पटल सहायक पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने प्रकरण के निस्तारण का निर्देश दिया। इसको लेकर बीएसए कार्यालय पर पूरे दिन चर्चा रही।
00
बसडिला में अनुकंपा के आधार पर अनुचर पद पर नियुक्ति का मामला है। इसमें पीड़ित का आरोप बेबुनियाद है। डीएम को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है। प्रकरण एडी बेसिक के वहां भी है। इसमें नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। -अमित कुमार सिंह, बीएसए