बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर होली के दिन आराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। इससे कार्यालय में लगे गमले, खिड़की का शीशा और मेन गेट की कुंडी तोड़ दिए। बीएसए ने इस मामले से पुलिस को अवगत कराने की बात कही है।
बीएसए कार्यालय के कर्मचारी मंगलवार को काम काज निपटाकर कार्यालय में ताला बंद कर घर चले गए। होली का पर्व था इसलिए कार्यालय शनिवार को खुलना था। कुछ आराजक तत्वों ने कार्यालय के मेन गेट की कुंडी तोड़ते हुए परिसर के अंदर जाकर लगे गमले को तोड़ कर फेंक दिए। इसके साथ ही वहा लगे सीएफएल को भी तोड़ दिया।
खिड़की पर लगे एक शीशे को भी क्षति पहुंचाया है। किसी ने इसकी जानकारी बीएसए को दी। बीएसए शहर से बाहर होने के कारण मौके पर तत्काल डीसी एमडीएम को जानकरी लेने के लिए भेजा। मौके पर पहुंचे डीसी एमडीएम धीरेंद्र प्रताप चंद ने कार्यालय पर हुए तोड़ फोड़ के बारे में बीएसए को अवगत कराया। बीएसए महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मंगलवार को कार्यालय बंद कर दिया गया था।
तीन दिन तक कार्यालय बंद था। कुछ अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर परिसर में माहौल खराब करने की कोशिश की है। इसकी लिखित शिकायत कोतवाली में की जाएगी। बीएसए कार्यालय में तोड़फोड़ की सूचना पर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरविंद चौधरी भी पहुंच गए थे।