ब्राह्मण महासभा ने किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। सत्ता पक्ष के एक विधायक के बयान को ब्राह्मण विरोधी बताते हुए अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इन लोगों ने कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को पीएम और विधानसभा अध्यक्ष के नाम पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार तिवारी और युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि सत्ता पक्ष के एक विधायक ने दो ब्राह्मण थानेदारों के स्थानांतरण के लिए ब्राह्मण समाज पर अपमानजनक टिप्पणी की है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि विधायक की टिप्पणी की तत्काल जांच कराई जाए। जब तक जांच पूरी न हो जाए तब तक विधान सभा से विधायक को निलंबित कर दिया जाए। इसके साथ ही दोनों थानेदारों का स्थानातंरण रोका जाए। इस दौरान बृजेश नंदन पाठक, नारायण त्रिपाठी, अनिल राय, मनोज त्रिपाठी, रूद्रनाथ मिश्र, सुभाष चंद शुक्ल, आत्मा तिवारी मौजूद रहे।