दुधारा थाने पर पकड़ा गया गोवध का आरोपी-स्रोत पुलिस
संतकबीरनगर। थाना दुधारा पुलिस ने 7 जनवरी की रात को क्षेत्र के रक्शा कला गांव में पुलिस मुठभेड़ के दौरान भाग निकले 25 हजार के इनामी गो तस्कर समीम को उसके एक अन्य साथी के साथ बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गोकशी के मामले में मुठभेड़ के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया था। बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने दो अवैध असलहा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
पुलिस मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार, एसओ दुधारा अरविंद कुमार शर्मा की अगुवाई में गठित टीम ने आयुध अधिनियम तथा गोवध निवारण अधिनियम से संबंधित वांछित आरोपितों को पकड़ा। उनकी पहचान मोहम्मद समीम निवासी करमाखान व इदू निवासी साफियाबाद थाना दुधारा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को साफियाबाद से नौवागांव बाजार वाली सड़क पर तालाब के पास से गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने दुधारा थाो में आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्जकर दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार सात जनवरी को दुधारा थाना क्षेत्र के रक्शाकला गांव में हुई पुलिस मुठभेड़ में समीम भाग निकला था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
-
पुलिस मुठभेड़ में यह लोग हुए थे गिरफ्तार
गोतस्करी के मामले में पुलिस ने पहले दिन हुए मुठभेड़ में पुलिस एकलाख निवासी कथकपुरवा थाना रुधौली जनपद बस्ती व दुधारा थाना क्षेत्र के रक्शाकला गांव निवासी अलाउद्दीन उर्फ कोईल को पैर में गोली लगने के बाद 7 जनवरी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ में रक्शाकला गांव निवासी अब्दुल कलाम व करमाखान गांव निवासी अनीश को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। गिरफ्तार आरोपित समीम व पूर्व में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपित अनीश सगे भाई हैं।