कुआनो में बोरे में मिली लाश की हुई शिनाख्त
डुहिया कला गांव के संतोष ने बेटी रागिनी के रूप में पहचान की
आखिर बोरे में कैसे पहुंची कुआनो नदी में लाश, अभी रहस्य बरकार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। तीन दिन पूर्व क्षेत्र के सांखी पुल के पास कुआनो नदी में बोरे मेें मिली युवती के शव की शिनाख्त पुलिस ने करा ली है। शव की पहचान 21 वर्षीय रागिनी पुत्री संतोष राजभर निवासी डुहिया कला के रूप में हुई है। सवाल है कि आखिर कैसे बोरे में युवती की लाश कुआनो नदी में पहुंच गई। यह रहस्य अब भी बरकरार है। वैसे बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिक गई है।
रविवार की शाम को सांखी पुल के पास कुआनो नदी के किनारे बोरे में रखी लाश को चरवाहों ने देखा था। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए थे। सूचना पर एसपी डॉक्टर कौस्तुभ, एएसपी संतोष कुमार, सीओ अंबरीष भदौरिया पहुंचे थे। पुलिस ने बोरे को बाहर निकलवाया तो उसमें युवती की लाश मिली। नियम के अनुसार अज्ञात शव का पोस्टमार्टम 72 घंटे बाद ही होता है। मंगलवार को पुलिस ने डुहिया कला निवासी कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बुधवार को उन्हें साथ लेकर पुलिस पोस्टमार्टम पहुंची और शव को दिखाया। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि शव की पहचान डुहिया कला गांव निवासी संतोष राजभर की 21 वर्षीय बेटी रागिनी के रूप में हुई। पिता संतोष राजभर ने शव की शिनाख्त की। पूछताछ में संतोष राजभर ने बताया कि वह लखनऊ में रहकर मजदूरी करता है। घर पर उसके पिता, पत्नी, दो बेटे और बेटी रागिनी रहती थी। घटना के बारे में वह कुछ बता पाने में असमर्थ दिखा। एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।