संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा सोमवार से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए जिले में 113 केंद्र बनाए गए हैं। जहां पर कुल 55,388 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने परीक्षा डयूटी में लगे अधिकारियों को सचेत किया है कि अगर कही से कोई शिकायत मिलेगी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हर केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोमवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर मीडिएट की परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। इसके लिए सभी 113 परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रश्न पत्र तीन दिन पूर्व ही केंद्रों पर पहुंचा दिए गए थे। जो डबल लॉक में रखे गए हैं। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में उसे खोला जाएगा। वह भी सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा। रविवार को डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी की गई। जो भी कमियां दिखाई दी उसे दूर कराया गया।
डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है। सभी केंद्रों की ऑनलाइन मानीटरिंग की जा रही है। छह सचल दल बने है वह लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। औचक जांच भी करेंगे। गड़बड़ी मिलने पर तत्काल मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।
-
बोर्ड परीक्षा की व्यवस्था
कुल परीक्षार्थी : 55,380
हाईस्कूल परीक्षार्थी : 28,138
इंटरमीडिएट परीक्षार्थी : 27,250
परीक्षा केंद्र : 113
केंद्र व्यवस्थापक : 113
अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक : 113
जोनल मजिस्ट्रेट : 3
सेक्टर मजिस्ट्रेट : 12
स्टेटिक मजिस्ट्रेट : 113
कक्ष निरीक्षक : 2256
सचल दल : 6
आज दो पालियों में होगी परीक्षा
8:30 बजे से 11:45 तक हाईस्कूल प्रारंभिक हिंदी और इंटरमीडिएट सैन्य विज्ञान
दो बजे से 5:15 तक हाईस्कूल हेल्थ केयर और इंटरमीडिएट हिंदी, सामान्य हिंदी
कोट
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी है। परीक्षा डयूटी में लगे सभी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया गया है कि हर केंद्रों की जांच करें और कही भी कोई कमी मिलती है तो तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी रिपोर्ट दें। अगर किसी केंद्र पर नकल पाई जाएगी तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
-महेंद्र सिंह तंवर, डीएम