बहुजन मुक्ति पार्टी(बीएमपी) कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शहर में जुलूस निकाला और देश के विभिन्न हिस्सों में दलितों व अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों पर आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दलितों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए। बाद में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया।
जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ता खलीलाबाद कस्बे में भेलीमंडी के पास एकत्र हुए। वहां से केंद्र व प्रदेश सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। यह जुलूस पुरानी तहसील, मेंहदावल चौक, मुखलिसपुर रोड होते हुए बैंक चौराहा तक गया। यहां पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी जिला मुख्यालयों पर जुलूस व प्रदर्शन किया जा रहा है। अभी गुजरात में मरे पशुओं की खाल निकाल रहे दलितों को पीटा गया।
यही स्थिति महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्य प्रदेश आदि प्रदेशों की भी जहां पर भाजपा की सरकारें है। इन प्रांतों में दलितों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं के साथ लगातार दुर्व्यवहार की घटनाएं प्रकाश में आ रही हैं। देश में सबसे ज्यादा जनसंख्या पिछड़े वर्ग की की है, संविधान में व्यवस्था के बावजूद आबादी के अनुपात में सभी को आरक्षण नहीं मिल पा रहा है। पिछड़ों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया जा रहा है। मांग किया कि क्रीमीलेयर तत्काल हटाया जाए और पिछड़ों को आरक्षण के आधार पर प्रमोशन दिया जाए।
जुलूस में अनिल कुुमार जिज्ञासु, रामानंद कन्नौजिया, अरविंद कुमार, राम सुभग, हरिश्चंद्र भाष्कर, रामू, धीरेंद्र कुमार, विनोद कुमार गौतम, सूरज कुमार राव, सोहन कुमार, चंद्रभान यादव, धनंजय यादव, सिंटू यादव, अजय सिंह सैथवार, आत्माराम, सिद्धार्थ यादव, हरिकेश यादव, शैलेश कुमार, शशि यादव, महेंद्र यादव आदि शामिल रहे।