मेंहदावल। नगर के बहवोलिया मोहल्ले में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।
जानकारी के अनुसार, मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव के दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के यहां कुछ दिनों बाद शादी है और वह खरीदारी के लिए मेंहदावल आया था। इसी दौरान दूसरे पक्ष को इसकी जानकारी मिल गई और वह भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गया। बहवोलिया में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद एक पक्ष ने हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से शुरू हुई मारपीट जल्द ही पत्थरबाजी में बदल गई। अचानक हुई घटना से राहगीरों में भगदड़ मच गई और आसपास के दुकानदारों ने तुरंत दुकानें बंद कर दीं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कुछ घायलों को उपचार के लिए अपने साथ थाने लाया है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है।