शिविर में 19 लोग रक्तदान कर बने महादानी
- 20 लोगों ने कराया पंजीकरण, बाद में करेंगे रक्तदान
- रक्तदान करने वाले लोगों को डीएम और एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। रक्तदान एक महादान है। रक्तदान करने से किसी की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान करने से व्यक्ति को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती है। एक यूनिट रक्त से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। ये बातें रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए डीएम दिव्या मित्तल ने कही। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करते हुए अन्य लोगों का हौसला भी बढ़ाया। शिविर में 19 लोग रक्तदान कर महादानी बने। इसके अलावा 20 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जो बाद में रक्तदान करेंगे।
विश्व रक्तदाता दिवस पर सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सीएचसी खलीलाबाद स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें रक्तदान के लिए 19 लोग आगे आए और रक्तदान कर दूसरे लोगों को प्रेरित किया। इसके साथ ही 20 लोगों ने रक्तदान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया, जो बाद में रक्तदान करेंगे। रक्तदान करने वाले लोगों को डीएम और एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शिविर का उद्धाटन डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डॉक्टर कौस्तुभ, सीडीओ अतुल मिश्र, एडीएम मनोज सिंह, एएसपी संतोष सिंह, सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने फीता काटकर किया। डीएम दिव्या मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि सभी स्वस्थ लोगों को रक्तदान करना चाहिए, ताकि दूसरे लोगों की जान बचाई जा सके। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा समाज सेवा का कार्य है। इसमें लोगों को बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग करना चाहिए। सीडीओ अतुल मिश्र ने कहा कि रक्तदान करने को लेकर कोई हिचक नहीं होनी चाहिए। रक्तदान करने से नया खून बनता है और व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ होता है। ऐसे में लोगों की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान में आगे आना चाहिए। एडीएम मनोज सिंह ने कहा कि आज कोरोना जैसी बीमारी का प्रकोप है। ऐसे में रक्तदान करना और भी पुनीत कार्य है। एएसपी संतोष सिंह ने कहा कि हर व्यक्ति को वर्ष में एक बार रक्तदान जरूर करना चाहिए। सीएमएस डॉ. ओपी चतुर्वेदी ने शिविर में आए लोगों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा, डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र, ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. वाईपी सिंह, प्रधानाचार्य राम कुमार सिंह, अमित जैन, श्रवण अग्रहरी, विनीत चड्ढा, परमहंस, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।
ब्लड बैंक के इन कर्मियों का रहा योगदान
डॉ. निशांत सिंह, लैब टेक्नीशियन महेंद्र कुमार पांडेय, फार्मासिस्ट नित्यानंद त्रिपाठी, मजहरूद्दीन खान, स्टॉफ नर्स रंजना, अलिखेश कुमार, अरूण कुमार, विनोद कुमार, राजकुमार आदि शामिल रहे।
इन्होंने किया रक्तदान
राज जायसवाल, विनय शर्मा, पुष्पेश विश्वकर्मा, श्रवण अग्रहरी, रोहन जैन, आरआई पंकज त्रिपाठी, संदीप, धनंजय, मनीष सिंह, चंदन यादव, मनीष कुमार, शिवशंकर यादव, प्रभुनाथ, मोहम्मद शाहिद हफीद, रामजतन प्रजापति, राजीव कुमार, संदीप अग्रवाल, कैलाशपति रूंगटा, राजीव रंजन आदि शामिल रहे।